माध्यमिक शिक्षा परिषद्, उत्तर प्रदेश की ओर से अभी तक बोर्ड परीक्षा के लिए नयी तिथियां जारी करने की घोषणा अभी नहीं की गयी है। उत्तर प्रदेश ग्राम पंचायत चुनाव 2021 की तारीखों की घोषणा कर दी गयी है। ग्राम पंचायत चुनाव अप्रैल माह में शुरू होने वाले हैं तो यूपी बोर्ड परीक्षा 2021 को बढ़ाये जाने की उम्मीद बढ़ गयी है। संभावना है कि UP Board 2021 परीक्षा करीब 1 सप्ताह बढ़ायी जा सकती है।
प्रदेश के उप मुख्यमंत्री श्री दिनेश शर्मा ने पहले ही बताया था कि बोर्ड परीक्षा 2021, उत्तर प्रदेश ग्राम पंचायत चुनाव के बाद शुरू की जाएगी। अतः अब उम्मीद है कि हाईस्कूल और इंटरमीडिएट की परीक्षा 24 अप्रैल 2021 से शुरू नहीं की जा सकती है। 2 मई 2021 को Gram Panchayat Election के बाद ही परीक्षा करायी जाएगी।
जारी की गयी डेट शीट के अनुसार उत्तर प्रदेश हाईस्कूल 2021 पहली परीक्षा 24 अप्रैल 2021 को प्रारंभिक हिंदी की और अंतिम परीक्षा 10 मई 2021 को गणित की आयोजित की जानी थी। वहीं उत्तर प्रदेश इंटरमीडिएट 2021 की पहली परीक्षा 24 अप्रैल को हिंदी, सामान्य हिंदी की और अंतिम परीक्षा 12 मई 2021 को नागरिक शास्त्र की आयोजित की जानी थी। लेकिन अब जल्द ही परीक्षा की नई तिथियां जारी करने की उम्मीद है।
यूपी बोर्ड परीक्षा करीब 2 सप्ताह बाद शुरू की जा सकती है यानी कि 04 या 05 मई से शुरू हो सकती है। जब परीक्षा देर से शुरू ही सकती है तो सम्भावना है कि यूपी बोर्ड 10 वीं और 12 वीं रिजल्ट 2021 भी देर से घोषित किया जा सकता है। पहले बोर्ड परीक्षा 10 जून 2021 को घोषित होना था लेकिन अब 15 से 17 जून 2021 के मध्य घोषित किया जा सकता है।
इस वर्ष की यूपी बोर्ड परीक्षा में कुल 56,03,813 परीक्षार्थी परीक्षा देंगे। यूपी बोर्ड हाई स्कूल परीक्षा 2021 के लिए करीब 29,94,312 छात्र-छात्राओं ने और यूपी बोर्ड इंटरमीडिएट परीक्षा 2021 के लिए 26,09,501 छात्र-छात्राओं ने रजिस्ट्रेशन कराया है। दोनों कक्षाओं की बोर्ड परीक्षाओं में कुल 31,47,793 लड़कों ने और 24,56,020 लड़कियों ने रजिस्टर किया है। हाईस्कूल की बोर्ड परीक्षा में 16,74,022 लड़के और 13,20,290 लड़कियां रजिस्टर हुई हैं। तो वहीं इंटरमीडिएट बोर्ड परीक्षा में 14,73,771 लड़के और 11,35,730 लड़कियों ने रजिस्टर किया है।